9 विज्ञान

हमारे आस पास के पदार्थ

पाठ से प्रश्न

पार्ट 2

प्रश्न 7: कारण बताएँ:

(a) गैस पूरी तरह उस बर्तन को भर देती है, जिसमें इसे रखते हैं।

उत्तर: गैस के कणों के बीच अत्यधिक रिक्त स्थान होता है और कणों की गतिज ऊर्जा भी अत्यधिक होती है। इसलिए गैस को जिस बर्तन में रखते हैं गैस पूरी तरह उस बर्तन को भर देती है।

(b) गैस बर्तन की दीवारों पर दबाव डालती है।

उत्तर: गैस के कणों की गतिज ऊर्जा अत्यधिक रहती है इसलिए गैस के कण हमेशा इधर से उधर भागते रहते हैं। इसलिए गैस बर्तन की दीवारों पर दबाव डालती है।

(c) लकड़ी की मेज ठोस कहलाती है।

उत्तर: लकड़ी की मेज का आकार और आयतन निश्चित रहता है। इसलिए लकड़ी की मेज ठोस कहलाती है।

(d) हवा में हम आसानी से अपना हाथ चला सकते हैं, लेकिन एक ठोस लकड़ी के टुकड़े में हाथ चलाने के लिए हमें कराटे में दक्ष होना पड़ेगा।

उत्तर: हवा के कणों के बीच अत्यधिक रिक्त स्थान होता है, जबकि ठोस के कणों के बीच नगण्य रिक्त स्थान होता है। इसलिए हवा में हम आसानी से अपना हाथ चला सकते हैं, लेकिन एक ठोस लकड़ी के टुकड़े में हाथ चलाने के लिए हमें कराटे में दक्ष होना पड़ेगा।

प्रश्न 8: सामान्यतया ठोस पदार्थों की अपेक्षा द्रवों का घनत्व कम होता है। लेकिन आपने बर्फ के टुकड़े को जल में तैरते हुए देखा होगा। पता लगाइए ऐसा क्यों होता है?

उत्तर: बर्फ का घनत्व पानी के घनत्व से कम होता है। इसलिए बर्फ का टुकड़ा जल में तैरता है।

प्रश्न 9: किसी भी पदार्थ की अवस्था परिवर्तन के दौरान तापमान स्थिर क्यों रहता है?

उत्तर: जब किसी पदार्थ की अवस्था में परिवर्तन हो रहा होता है तो उस पदार्थ को दी गई ऊर्जा का उपयोग अवस्था परिवर्तन के लिए होता रहता है। इसलिए किसी भी पदार्थ की अवस्था परिवर्तन के दौरान तापमान स्थिर रहता है।

प्रश्न 10: वायुमंडलीय गैसों को द्रव में परिवर्तन करने के लिए कोई विधि सुझाइए।

उत्तर: वायुमंडलीय गैसों को संपीड़ित करके द्रव में परिवर्तित किया जा सकता है।

प्रश्न 11: गर्म, शुष्क दिन में कूलर अधिक ठंडा क्यों करता है?

उत्तर: गर्म, शुष्क दिन में हवा की आर्द्रता बहुत कम होती है। इसलिए हवा में जलवाष्प तेजी से विसरित होता है। इसलिए गर्म, शुष्क दिन में कूलर अधिक ठंडा करता है।

प्रश्न 12: गर्मियों में घड़े का जल ठंडा क्यों होता है?

उत्तर: गर्मियों में घड़े में रखे जल का वाष्पीकरण तेजी से होता रहता है। वाष्पीकरण होने से आस पास की ऊर्जा अवशोषित होती है जिससे घड़े का जल ठंडा होता है।

प्रश्न 13: एसीटोन/पेट्रोल या इत्र डालने पर हमारी हथेली ठंडी क्यों हो जाती है?

उत्तर: एसीटोन या पेट्रोल या इत्र कमरे के तापमान पर वाष्पीकृत होते हैं। इसलिए इन्हें हथेली पर डालने पर हमारी हथेली ठंडी हो जाती है।

प्रश्न 14: कप की अपेक्षा प्लेट से हम गर्म दूध या चाय जल्दी क्यों पी लेते हैं?

उत्तर: गर्म दूध या चाय को प्लेट में रखने से द्रव का पृष्ठ क्षेत्र बढ़ जाता है। बढ़े हुए पृष्ठ क्षेत्र के कारण वाष्पीकरण तेजी से होता है और गर्म दूध या चाय जल्दी ठंडी हो जाती है। इसलिए कप की अपेक्षा प्लेट से हम गर्म दूध या चाय जल्दी पी पाते हैं।

प्रश्न 15: गर्मियों में हमें किस तरह के कपड़े पहनने चाहिए?

उत्तर: गर्मियों में हमें सूती कपड़े पहनने चाहिए। सूती कपड़े में धागों के बीच अधिक रिक्त स्थान रहता है जिनसे होकर हवा का आदान प्रदान बेहतर रूप से होता है। इससे पसीने का वाष्पीकरण होता है जो शरीर को ठंडा रखता है।