6 भूगोल

भारत: जलवायु

आप क्या सीखेंगे

मौसम: वायुमंडल में दिन प्रतिदिन होने वाले बदलावों को मौसम कहते हैं। इसमें तापमान, सूर्य की विकिरण, वर्षा, आदि को शामिल किया जाता है। हो सकता है कि सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं से हो और दोपहर होते होते गर्म लू चलने लगे।

भारत के मौसम

भारत में चार मुख्य मौसम होते हैं: शीत ऋतु, ग्रीष्म ऋतु, वर्षा ऋतु (दक्षिण पश्चिम मानसून) और शरद ऋतु (मानसून के लौटने का मौसम)

शीत ऋतु: यह मौसम भारत में दिसंबर से फरवरी तक रहता है। इस मौसम में सूर्य की किरणें सीधी नहीं पड़ती हैं। इसलिए उत्तरी भारत में इस दौरान तापमान कम रहता है।

ग्रीष्म ऋतु: भारत में गरमी का मौसम मार्च से मई तक रहता है। इस मौसम में सूर्य की किरणें सीधी पड़ती हैं। इसलिए इस दौरान तापमान अधिक रहता है। उत्तरी भारत में इस मौसम गर्म और शुष्क हवा चलती है, जिसे लू कहते हैं।

वर्षा ऋतु (दक्षिण पश्चिम मानसून): इस मौसम में मानसून शुरु होता है और आगे बढ़ता है। मानसून पवन अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से भारतीय उपमहाद्वीप की ओर बहती है। यह पवन अपने साथ नमी लेकर आती है। जब यह नम पवन पर्वतों की बाधा से टकराती है तो इससे भारत में वर्षा होती है।

मानसून शब्द अरबी भाषा के मौसिम से बना है, जिसका अर्थ मौसम होता है।

मानसून के लौटने का मौसम या शरद ऋतु: भारत में शरद ऋतु अक्तूबर और नवंबर में पड़ती है। इस मौसम में मानसून पवन भारत के मुख्य भूभाग से बंगाल की खाड़ी की ओर लौटने लगती है। इस मौसम में भारत के दक्षिणी भागों में वर्षा होती है। इस मौसम में वर्षा विशेष रूप से तमिल नाडु और आंध्र प्रदेश में होती है।

मानसून का महत्व

भारत के लिए मानसून का गहरा महत्व है। भारत में कृषि मानसून पर निर्भर रहती है। अच्छे मानसून का मतलब है अच्छी फसल। खराब मानसून का मतलब है बुरी फसल। मानसून अच्छा होने पर किसान खुश हो जाते हैं।

जलवायु

किसी स्थान पर मौसम की औसत दशा को उस स्थान की जलवायु कहते हैं। इसके लिए कम से कम 20 वर्षों के मौसम के आंकड़े को देखा जाता है। भारत की जलवायु को मानसूनी जलवायु कहा जाता है। भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम गर्म और नम रहता है।

किसी स्थान की जलवायु को प्रभावित करने वाले कारक हैं: उसकी स्थिति, ऊँचाई, समुद्र से दूरी और उच्चावच। भारत एक विशाल देश है, इसलिए यहाँ की जलवायु में क्षेत्रीय विविधता देखने को मिलती है। राजस्थान का मौसम अक्सर शुष्क और गर्म रहता है, तो कश्मीर का मौसम अत्यधिक ठंडा रहता है। उत्तर के मैदानों में तापमान में बहुत विविधता रहती है। दूसरी तरफ मुंबई और कोलकाता का तापमान सालों भर मध्यम रहता है। मेघालय का मौसिनराम दुनिया में सबसे अधिक वर्षा वाला स्थान है, जबकि राजस्थान के जैसलमेर में वर्षा न के बराबर होती है।